फोटो : फाइल फोटो
कोलकाता, 07 मई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना स्थित मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात 10.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंद्रनाथ स्कॉर्पियो से अपने घर जा रहे थे। गाड़ी में ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति मौजूद था।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, बाइक और कार सवार हमलावर पीछे से आए और उनकी गाड़ी रुकवाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे चंद्रनाथ के सीने में दो गोलियां लगीं, जो दिल के आर-पार हो गईं। एक गोली उनके पेट में लगी।
कार में बैठे एक अन्य व्यक्ति को भी दाहिने हाथ, पेट और छाती में गोली लगी हैं। ड्राइवर भी जख्मी है। हमले में ऑस्ट्रेलियन ग्लॉक पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था। भाजपा ने TMC पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। हालांकि, TMC ने आरोपों का खंडन करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है।
अपराधियों की गाड़ी जब्त :-
DGP सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा कि हमने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। हमने अपराध में इस्तेमाल हुई 4-पहिया गाड़ी को ज़ब्त कर लिया है, लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं कि गाड़ी की नंबर प्लेट नकली है और उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। हमें घटनास्थल से ज़िंदा कारतूस और चले हुए कारतूस मिले हैं। चश्मदीदों और सबूतों की जांच की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
एक चश्मदीद ने बताया कि जैसे ही चंद्रा की कार मेरी कार के पास से गुज़री, वह अचानक बीच रास्ते में रुक गई और बाइक पर सवार एक व्यक्ति आया और कार के बाईं ओर गोलीबारी शुरू कर दी। वह व्यक्ति काफी माहिर लग रहा था। वह तुरंत वहां से भाग निकला। ऐसा लग रहा था कि यह सब पहले से ही प्लान किया गया था। गोलियां बिल्कुल करीब से चलाई गई थीं। मैंने 2 राउंड गोलियों की आवाज़ सुनी। यह घटना रात 10.30 बजे से 11 बजे के बीच हुई। यह घटना अस्पताल से 200-300 मीटर की दूरी पर हुई। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और कार के ड्राइवर को भी गोली लगी थी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment