फोटो : फाइल फोटो
जोधपुर, 20 सितंबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग से जुड़े दो शार्प शूटरों को राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। उन पर पंजाब में 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, एजीटीएफ करीब डेढ़ साल से दोनों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। दोनों पंजाब में हत्या के मामलों में वांछित थे और पंजाब पुलिस ने उन पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
नेपाल से ही पीछा :-
नेपाल से भारत लौटने के बाद दोनों के राजस्थान में प्रवेश करने की सूचना एजीटीएफ को पहले ही मिल गई थी। टीम ने सिरोही से दोनों का पीछा किया और जोधपुर पहुंचने के बाद उनकी लोकेशन की पुष्टि कर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से होटल में दबिश दी। दोनों जोधपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई से करीब तीन दिन पहले दोनों के सिरोही में होने और वहां से जोधपुर की ओर बढ़ने की सूचना एजीटीएफ को मिली। इसके बाद टीम ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी और बढ़ा दी।
जोधपुर पहुंचने की पुष्टि होने के बाद एजीटीएफ ने जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस को साथ लिया और दोनों की तलाश शुरू की। आखिरकार कैलाश नगर स्थित होटल सनसिटी इन में दोनों की लोकेशन मिली।
पुलिस के मुताबिक दोनों होटल में फर्जी पहचान से ठहरे हुए थे। होटल में उन्होंने अपनी पहचान नवीन जाखड़ और आशू चाबड़ा के रूप में बताई थी। हालांकि, पुलिस पूछताछ में दोनों की असली पहचान सामने आ गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23) निवासी हरसिंह रायनगर, फाजिल्का और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (23) निवासी बलुआना, थाना सदर अबोहर, फाजिल्का के रूप में हुई है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment