फॉरेस्ट रेंजर हत्याकांड मामले में आरोपी गिरफ्तार : मुख्य आरोपी को घोसुंडी के जंगल से गिरफ्तार; अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी और डंपर पहले ही जब्त

फोटो  : फाइल फोटो 

प्रातपगढ़, 25 सितंबर 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

फॉरेस्ट रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत हत्याकांड में मामले में मुख्य आरोपी डंपर चालक कन्हैयालाल उर्फ कान्हा बावरी को छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद है। FIR में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। छोटीसादड़ी पुलिस ने मुख्य आरोपी को घोसुंडी के जंगल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी और डंपर भी जब्त किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और वृत्ताधिकारी छोटीसादड़ी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कैलाशचन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को घोसुंडी जंगल से गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

रेंजर पर डंपर चढ़ा दिया था :-

उपवन संरक्षक सुरेश अग्रवाल ने बताया कि 22 सितंबर 2026 को वनरक्षक सुरेश पुत्र माधुलाल मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि 21 सितंबर की रात वनखंड सुक्कड़ मोहनपुरा तलाई के पास अवैध खनन की सूचना पर रेंजर प्रतापसिंह चूंडावत वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां चल रही जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर को रुकवाया गया। इस दौरान अवैध खनन करने वालों ने गाली-गलौच और धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई। इसी दौरान मिट्टी से भरा एक डंपर चालक डंपर लेकर भाग गया था। रेंजर प्रतापसिंह ने उसका पीछा किया। घाटी वाले बालाजी मंदिर रोड पर डंपर को रुकवाने के दौरान चालक ने रेंजर प्रतापसिंह के ऊपर डंपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया। छोटीसादड़ी कस्बे और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डंपर का पता लगाकर उसे जंगल से जब्त किया गया। अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी भी जब्त की गई।

आरोपी गिरफ्तार :-

पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को घोसुंडी के जंगल से कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पुत्र चांदमल बावरी निवासी धामनिया रोड थाना छोटीसादड़ी को गिरफ्तार किया। आरोपी से अनुसंधान जारी है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit