वीडियो न्यूज़ : मैत्री मैच में काचरेड़ा टीम रही विजेता : नीमकाथाना के पाटन में शहीद की स्मृति में खेला गया मैत्री मैच; छक्के से दिलाई टीम को जीत

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 18 मई 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना क्षेत्र के पाटन के निकटवर्ती गांव धांधेला में चिर प्रतिद्वंदी काचरेड़ा और धांधेला की टीमों के बीच शहीद ग्रेनेडियर देशराज सिंह तंवर की स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम शहीद वीर जवान के चित्र पर सरपंच प्रत्याशी अमीचंद गुर्जर एवं महेंद्र सैनी द्वारा दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं शहीद की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर मैच का शुभारंभ किया गया।

पूरे मैच के दौरान देशभक्ति का अद्भुत माहौल और उत्साह देखने को मिला। मैदान में बीच-बीच में चौके-छक्कों के साथ “शहीद वीर जवान देशराज सिंह अमर रहे” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा। 

129 रन का लक्ष्य :-
दर्शकों और खिलाड़ियों में देशभक्ति का जोश साफ दिखाई दिया। मैच में धांधेला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजू मिस्त्री, राधेश्याम सैनी एवं प्रेम सैनी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 17 ओवरों में 129 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।

जवाब में काचरेड़ा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली। काचरेड़ा की ओर से देवेंद्र सिंह, कल्याण सिंह एवं पूर्व खिलाड़ी महावीर शर्मा ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जबकि मदन लाल और राजेंद्र शर्मा की कसी हुई गेंदबाजी टीम की जीत का आधार बनी।

छक्के के साथ जीत :-
हालांकि अमर सैनी और जेपी सैनी ने अपनी शानदार गेंदबाजी से काचरेड़ा टीम को रोकने का भरसक प्रयास किया, मगर काचरेड़ा के बल्लेबाजों की समझदारी भरी बल्लेबाजी और आक्रामक खेल के सामने वे टीम को जीत से वंचित नहीं कर सके। अंत में कल्याण सिंह ने छक्का लगाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।

प्रतियोगिता के आयोजक एडवोकेट भवानी टेलर काचरेड़ा ने बताया कि दोनों गांवों के बीच हाल ही में शहीद हुए ग्रेनेडियर देशराज सिंह तंवर की स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप यह मैच आयोजित किया गया था। मैच में क्षेत्र के पूर्व खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया तथा सभी ने शहीद वीर जवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मैच के समापन अवसर पर शहीद परिवार के सदस्यों को तिरंगा एवं शहीद वीर जवान की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस भावुक क्षण ने उपस्थित लोगों की आंखें नम कर दीं।

वही शानदार प्रदर्शन के लिए राकेश सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजकों द्वारा मैच में आधुनिक तकनीक DRS एवं रिव्यू सिस्टम का भी उपयोग किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit