फोटो : फाइल फोटो
भरतपुर , 09 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले की रूपवास पंचायत समिति प्रधान नीतू गुर्जर के पति राजू पर रॉयल्टी नाका चलाने के बदले हर महीने 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने का आरोप लगा है। वह अपने साथियों के साथ नाके पर पहुंचे, कर्मचारियों से मारपीट की और नाके पर ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गए।
रुदावल थाना अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि रॉयल्टी कर्मचारी की शिकायत के आधार पर कल देर शाम FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
झुंझुनूं जिले के छापोली निवासी महेंद्र ने रिपोर्ट में बताया कि घटना महलपुर रॉयल्टी नाका की है। 6 मार्च की रात करीब 9:30 बजे नवलकिशोर उर्फ राजू निवासी रसूलपुर और मुलायम निवासी खोहरी अपने 7-8 साथियों के साथ नाके पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने नाके पर काम कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
महेंद्र के अनुसार राजू और मुलायम ने कर्मचारियों को धमकी दी कि अगर उन्हें यहां नाका चलाना है तो हर महीने 5 लाख रुपए देने होंगे। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को नाके से बाहर निकाल दिया।
आरोपियों ने जाते समय कर्मचारियों से कहा कि नाके के मालिक से कह देना कि जब तक वह उनसे बात नहीं करेंगे, तब तक नाका शुरू नहीं होगा।
महेंद्र ने बताया कि घटना के बाद से कर्मचारियों के लिए नाका चलाना मुश्किल हो गया है। आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी है और लगातार अवैध वसूली की मांग कर रहे हैं।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment