फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 10 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
शहर के फतेहपुर रोड स्थित पासपोर्ट ऑफिस में मंगलवार को दोपहर बम की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना पर एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह, सीओ सिटी संदीप चौधरी सहित कोतवाली थाना पुलिस, उद्योग नगर थाना पुलिस, गोकुलपुरा थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंचा। वहीं सूचना पर डॉग स्क्वाड, एंबुलेंस, अग्निशमन व सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंची।
डॉग स्क्वायड टीम और पुलिस टीम ने ऐतिहात के तौर पर पासपोर्ट ऑफिस, बैंक व सिनेमॉल को तुरंत खाली करवाया और सर्च अभियान शुरू किया। स्थानीय पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम के सर्च अभियान करने के बाद जयपुर से विशेष बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा और पूरे पासपोर्ट ऑफिस व मॉल के बाहर खड़े वाहनों की गहनता से जांच की। हालांकि पुलिस और बम निरोधक दस्ते को पासपोर्ट ऑफिस में कोई भी बम व संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस जाप्ता, डॉग स्क्वायड टीम और बम निरोधक दस्त वापस लौट गया। हालांकि बम की फेक सूचना के कारण पासपोर्ट ऑफिस, बैंक सेवाएं बंद रही तो वहीं मॉल में आए अन्य लोगों को करीब 4 घंटे तक खासी परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
विस्फोटक सामग्री नहीं मिली:-
एसपी प्रवीण नायक नुनावत ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे मेल के जरिए पासपोर्ट ऑफिस में बम की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम पासपोर्ट सेवा केंद्र पर तुरंत पहुंची और पूरे कैंपस को सुरक्षा की दृष्टि से खाली करवाया गया। इसके बाद जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और पूरे कैंपस का सर्च किया गया। सर्च अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इस दौरान स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर मौजूद रहा। करीब 4 घंटे तक सर्च अभियान चला।
उन्होंने बताया कि सूचना जयपुर पासपोर्ट ऑफिस से मिली थी। फिलहाल मेल कहां से आया था, इस बारे में जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एडिशनल एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह, सीओ सिटी संदीप सिंह, उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश बुडानिया, कोतवाली थाना अधिकारी सुनील जांगिड़, गोकुलपुरा थाना अधिकारी प्रीति बेनीवाल सहित पुलिस, एंबुलेंस, अग्निशमन व सिविल डिफेंस की टीम मौजूद रही।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment