वीडियो न्यूज : नीमकाथाना में कांग्रेसियों का जमकर बवाल : केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन, खेतड़ी मोड़ पर पीएम मोदी का पुतला फूंका, मांगा इस्तीफा

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 22 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार रात को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से खेतड़ी मोड़ रैली निकाली और खेतड़ी मोड़ पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा पेपर लीक, छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई और छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्रों के समर्थन में किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और छात्र हितों की अनदेखी कर रही है तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद नारायण घसिया ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दोबारा परीक्षा में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल नहीं हो सके।

घसिया ने कहा कि जंतर-मंतर पर 6 जून से धरने पर बैठे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने और केंद्र सरकार से छात्र हितों की रक्षा करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit