फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 07 सितंबर 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना में नगर पालिका के लिए चुनाव 9 सितंबर को होने है । चुनाव के लिए मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अन्य वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों को भी पहचान के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि मतदान दिवस पर मतदाताओं को अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए अपने साथ मतदाता पहचान पत्र लेकर आना होगा। मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड तथा सांसदों, विधानसभा सदस्यों एवं परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी फोटो पहचान पत्र सहित निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों का उपयोग मतदान के लिए पहचान प्रमाण के रूप में किया जा सकेगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान के दिन निर्धारित पहचान दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं, ताकि मतदान केन्द्र पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके और वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
पुलिस का फ्लैग मार्च :-
नीमकाथाना नगर पालिका चुनावों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शहर के 40 वार्डों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। इसका मकसद लोगों को भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश देना था।
फ्लैग मार्च ओवरब्रिज के नीचे से शुरू होकर ऊपर से होते हुए सुभाष मंडी, कपिल मंडी, रामलीला मैदान और जिला अस्पताल के सामने से खेतड़ी मोड़ तक पहुंचा। इसके बाद सभी 40 वार्डों को कवर किया गया। पुलिस ने संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर भी फ्लैग मार्च निकाला।
शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान की अपील :-
डीएसपी सुशील मान ने बताया कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए लोगों से अपील की गई है। फ्लैग मार्च के जरिए उन्हें निर्भिक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
तहसीलदार वीपी सिंह नरुका ने बताया कि नीमकाथाना में 9 सितंबर को मतदान होगा और 14 सितंबर को कमला मोदी गर्ल्स कॉलेज में मतगणना की जाएगी।
इस दौरान कोतवाली सीआई विक्रम सहित पुलिस जाब्ता व आरएससी जाब्ता मौजूद रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment