सीकर जिलें में 76.24 प्रतिशत हुआ मतदान : पहले चरण की 10 नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह व उमंग से किया मतदान

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर, 09 सितंबर 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत बुधवार को पहले चरण के मतदान के लिए फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, खाटूश्यामजी, रींगस, खण्डेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़ एवं नीमकाथाना में मतदान सम्पन्न हुआ।

नगर पालिका क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साह एवं उमंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र को सशक्त करने में अपनी भागीदारी निभाई। मतदान दिवस पर कई स्थानों पर मतदाताओं ने लम्बी कतारों में रहते हुए धैर्य से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्रदराज, दिव्यांग, महिला और युवा मतदाता अपना वोट डालने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे।

मतदान दिवस पर नगर नगर निकायों में मतदान केन्द्रों पर प्रातः 7 बजे से ही मतदाताओं के बड़ी संख्या में पहुंचने से उत्साह का माहोल बना रहा । मतदान केन्द्रों पर मतदाता उत्साह के साथ पहुंचे व मतदान किया। मतदान केन्द्रों पर शाम तक मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला बना रहा।  

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि नगर पालिका आम चुनाव के तहत फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, खाटूश्यामजी, रींगस, खण्डेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़ एवं नीमकाथाना नगर पालिका के लिए मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मतदाताओं ने निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा को लेकर कड़े बन्दोबस्त किए गए थे, सभी चुनाव अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल के जवानों, प्रबुद्ध नागरिकों आदि ने चुनाव से संबंधित अपने दायित्वों का कुषलता से निर्वहन करते हुए शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम मतदान दलों ने पोलिंग एजेन्टों की मौजूदगी में मोकपोल किया। मतदाताओं ने ईवीएम के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव 2026 में फतेहपुर में 66.80, लक्ष्मणगढ़ में 74.07, दांता में 77.25, खाटूश्यामजी में 85.41, पलसाना में 83.31, खण्डेला में 76.44, रींगस में 85.71, नीमकाथाना में 79.66, श्रीमाधोपुर में 82.31, अजीतगढ़ में 82.35 प्रतिशत हुआ। 
    
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फतेहपुर में कुल 74 हजार 298 मतदाताओं में से 50 हजार 753 मतदाताओं ने मतदान किया, लक्ष्मणगढ़ में कुल 51 हजार 4 मतदाताओं में से 37 हजार 242 मतदाताओं ने मतदान किया, दांता में  कुल 15 हजार 837 मतदाताओं में से 12 हजार 350 मतदाताओं ने मतदान किया, खाटूश्यामजी में कुल 10 हजार 969 मतदाताओं में से 9 हजार 865 मतदाताओं ने मतदान किया, पलसाना में कुल 11 हजार 19 मतदाताओं में से 9 हजार 264 मतदाताओं ने मतदान किया, खण्डेला में कुल 30 हजार 14 मतदाताओं में से 23 हजार 367 मतदाताओं ने मतदान किया, रींगस में कुल 20 हजार 346 मतदाताओं में से 17 हजार 986 मतदाताओं ने मतदान किया, नीमकाथाना में कुल 46 हजार 558 मतदाताओं में से 37 हजार 351 मतदाताओं ने मतदान किया, श्रीमाधोपुर में कुल 29 हजार 384 मतदाताओं में से 24 हजार 538 मतदाताओं ने मतदान किया, अजीतगढ़ में कुल 12 हजार 640 मतदाताओं में से 10 हजार 654 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदाताओं का आभार: जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर निकाय के प्रथम चरण में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव में पूर्ण उत्साह के साथ सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। मतदान में लोगों की सजगता पूर्ण सहभागिता से लोकतंत्र सुदृढ़ होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण व स्वतंत्र मतदान में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों के अधिकारियों, पुलिसकर्मियों सहित निर्वाचन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit