राजस्थान में निकाय चुनाव का दूसरा चरण का मतदान : वोटर्स ने उत्साह व उमंग से किया मतदान, 4 नगर निकाय चुनाव में 73.34 प्रतिशत हुआ मतदान

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर , 11 सितंबर 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

नगर निकायआम चुनाव 2026 के तहत शुक्रवार को दूसरे चरण के मतदान के लिए रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, धोद और लोसल में मतदान सम्पन्न हुआ। नगर निकाय चुनावों में मतदाताओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया ।

मतदान दिवस पर कई स्थानों पर मतदाताओं ने लम्बी कतारों में रहते हुए धैर्य से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्रदराज, दिव्यांग, महिला और युवा मतदाता अपना वोट डालने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे।

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, धोद, लोसल नगर पालिका के लिए मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मतदाताओं ने निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा को लेकर कड़े बन्दोबस्त किए गए थे, सभी चुनाव अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल के जवानों, प्रबुद्ध नागरिकों आदि ने चुनाव से संबंधित अपने दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करते हुए शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम मतदान दलों ने पोलिंग एजेन्टों की मौजूदगी में मोकपोल किया। मतदाताओं ने ईवीएम के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव 2026 में रामगढ़ शेखावाटी में 72.89,धोद में 82.97,लोसल में 78.93, सीकर में 72.15 प्रतिशत मतदान हुआ।

यहां कितना मतदान :-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रामगढ़ शेखावाटी में कुल 26 हजार 135 मतदाताओं में से 17 हजार 584 मतदाताओं ने मतदान किया, धोद में 9 हजार 670 में से 8 हजार 128 मतदाताओं ने मतदान किया,लोसल में 30 हजार 496 में से 24 हजार 450 मतदाताओं ने मतदान किया, सीकर में 2 लाख 29 हजार 231 में से 1 लाख 64 हजार 230 मतदाताओं ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

106 वर्षीय शिव प्रसाद ने किया मतदान:-
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सीकर के राधाकिशनपुरा स्थित वार्ड नंबर 46 में लोकतंत्र के प्रति उत्साह की प्रेरणादायी तस्वीर सामने आई। यहां 106 वर्षीय शिव प्रसाद ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। शिव प्रसाद अपने पोते अमित चिरानिया के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केन्द्र पहुंचे और मतदान किया।

शिव प्रसाद के पोते अमित चिरानिया ने बताया कि दादाजी की मतदान करने की इच्छा थी। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें व्हीलचेयर पर मतदान केन्द्र लाया गया, जहां उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 106 वर्ष की आयु में मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान करने का उनका उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायी रहा।

मतदाताओं का आभार:-

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर निकाय के द्वितीय चरण में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव में पूर्ण उत्साह के साथ सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। मतदान में लोगों की सजगता पूर्ण सहभागिता से लोकतंत्र सुदृढ़ होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण व स्वतंत्र मतदान में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों के अधिकारियों, पुलिसकर्मियों सहित निर्वाचन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit