फोटो : फाइल फोटो
चूरू, 14 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
चूरू जिले से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज मामला सामने आया है । जिले के एक गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद में पिता ने बेटे-बहू की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी।
घटना जिले की तारानगर तहसील के चंगोई गांव की मंगलवार रात करीब 12:50 बजे की है। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है। इसके साथ ही अपराध मे काम ली गई गाड़ी भी जब्त कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का परिवार में पंचायत चुनाव की उम्मीदवारी और पारिवारिक मुद्दों को लेकर पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले अपनी पत्नी के साथ भी जमकर मारपीट और झगड़ा किया था। इसके बाद जब बेटा और बहू बीच-बचाव व विरोध करने आए, तो आरोपी ने आपा खो दिया और उन पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें मौत की नींद सुला दिया।
तारानगर डीएसपी रोहित सांखला ने बताया कि चंगोई निवासी रामचंद्र जाट (60) का गांव में धर्मकांटा है। वह चंगोई गांव से सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था। लेकिन उसका इकलौता बेटा रविंद्र (40) और बहू महिंद्रा (35) उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे।
इसी बात को लेकर कई दिन से परिवार में विवाद हो रहा था। मंगलवार रात भी पिता-पुत्र में घर पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा धर्मकांटा पर चले गए। उनके पीछे रामचंद्र भी पत्नी धर्मा देवी के साथ पहुंच गया।
गाड़ी से कुचल दिया :-
वहां फिर झगड़ा हुआ। वहां से रविंद्र और महिंद्रा वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में पीछे से रामचंद्र बोलेरो लेकर आया और दोनों को कुचल दिया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा :-
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और उच्च अधिकारी तुरंत भारी पुलिस जाब्ते के साथ चंगोई गांव पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी पिता को मौके के आसपास से हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment