टिकट कटने से बागी हुईं भाजयुमो उपाध्यक्ष वर्षा सोमरा : वर्षा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर ठोकी ताल, परिवारवाद और अनदेखी का आरोप

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनूं, 16 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

पंचायतीराज चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को झुंझुनूं जिले की राजनीतिक फिजाओं में उस वक्त भूचाल आ गया, जब टिकट वितरण से उपजा असंतोष खुलकर सड़कों पर आ गया।

टिकट कटने से आहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला उपाध्यक्ष वर्षा सोमरा ने पार्टी के खिलाफ बगावत का बिगुल बजाते हुए जिला परिषद के वार्ड 35 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। इस बगावत के बाद वार्ड के चुनावी समीकरण पूरी तरह से बदल गए हैं और सत्तारूढ़ दल की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं।

परिवारवाद और अनदेखी का आरोप :- 
नामांकन दाखिल करने के बाद वर्षा सोमरा ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से सूरजगढ़ क्षेत्र में जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी के हर अभियान और कार्यक्रम में पूरी निष्ठा से जुटी रही हैं। इसके बावजूद पार्टी ने संगठन की मेहनत को दरकिनार करते हुए परिवारवाद को बढ़ावा दिया और उनकी दावेदारी को नजरअंदाज कर दिया। सोमरा ने दावा किया कि उन्हें वार्ड की आम जनता का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा था। उनके लगातार बढ़ते जनाधार और लोकप्रियता से पार्टी के ही कुछ स्थापित नेताओं की नींद उड़ी हुई थी, जिसके चलते सुनियोजित तरीके से ऐनवक्त पर उनका टिकट काटा गया।

बाहरी उम्मीदवार थोपने से जनता में आक्रोश :-
स्थानीय समर्थकों के अनुसार, वार्ड 35 से लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहने वाली वर्षा सोमरा को टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने ऐसे चेहरे को मैदान में उतार दिया, जो इससे पहले कभी क्षेत्र में नजर ही नहीं आया था। इस फैसले के बाद से न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि स्थानीय मतदाताओं में भी गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

बिगड़े चुनावी समीकरण :-
वर्षा सोमरा के निर्दलीय मैदान में कूदने से वार्ड 35 का मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो गया है। एक तरफ जहां भाजपा और कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं बागी तेवर अपना चुकीं युवा नेत्री सोमरा ने दोनों दलों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। अब देखना यह होगा कि डैमेज कंट्रोल के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता क्या कदम उठाते हैं और जनता इस बगावत पर क्या मुहर लगाती है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit