फोटो : फाइल फोटो
मुंबई/ कोटा , 19 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन आरोपी रेहान उर्फ सुवका, ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
इससे पहले आरोपियों को आज अवकाशकालीन न्यायाधीश के आवास पर पेश किया गया, जहां मुंबई पुलिस ने उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगी।
इसके बाद तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस की तीन सदस्यीय टीम को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम तीनों आरोपियों को सड़क मार्ग से लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गई। मुंबई पहुंचने के बाद पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच करेगी।
बाइक सवारों ने की थी फायरिंग :-
मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि कल शाम करीब 7 बजे एक मशहूर फिल्म अभिनेता की कार पर फायरिंग हुई। बाइक पर 3 लोग सवार थे, उनमें से दो ने फायरिंग की और फिर बाइक से भाग गए। क्राइम ब्रांच की करीब 20 विशेष टीमें बनाई गईं। फील्ड वर्क और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर, अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास उस बाइक का पता चला।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी विश्लेषण से हमें उन तीनों के रास्ते का पता चला। पता चला कि वे उत्तरी मुंबई की ओर गए और वहां से सूरत के लिए निकल गए। बाद में हमें जानकारी मिली कि वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हुए हैं। हमने पता लगाया कि वे किस डिब्बे में हैं और कोटा पुलिस को सूचित किया। कोटा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और फिर हमने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया। उन्हें मुंबई लाने की प्रक्रिया चल रही है। इस मामले में दिल्ली पुलिस, गुजरात पुलिस और राजस्थान पुलिस ने हमारी मदद की ह।
फिलहाल हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जैसे-जैसे और जानकारी मिलेगी, हम आगे की कार्रवाई करेंगे और कुछ और लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment