फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 23 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना की दिशा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर के आदेशानुसार तथा रूपा गुप्ता के निर्देशन एवं तालुका विधिक सेवा समिति नीमकाथाना के निर्देश पर आयोजित हुआ ।
शिविर में पीएलबी राजेन्द्र प्रसाद सैनी ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा कानून द्वारा प्रदान किए गए संरक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम एवं साइबर अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए।
सैनी ने विद्यार्थियों को बताया कि बाल विवाह एवं बाल श्रम बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करते हैं। उन्होंने साइबर अपराधों से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय की स्थिति में उचित कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में 155 लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में दिशा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक आर.के. गुप्ता ने पीएलबी राजेंद्र प्रसाद सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ विधिक साक्षरता एवं सामाजिक जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment