राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 : झुंझुनूं में कलेक्टर और एसपी ने दूसरे चरण के मतदान की तैयारियों का लिया जायजा

फोटो : फाइल फोटो

झुंझुनूं , 23 अक्टूबर 2026

रिपोर्ट : एडिटर

पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण के मतदान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने पंचायत समिति झुंझुनूं एवं चिड़ावा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

 
इस दौरान अधिकारियों ने माखर, इस्लामपुर, नूनिया गोठड़ा, नरहड़, अरड़ावता एवं श्योपुरा के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने मतदान दलों के ठहरने की व्यवस्था सहित मतदान केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।
 
जिला कलेक्टर डॉ. गर्ग ने बताया कि आगामी दो दिनों में रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी स्वयं सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक बूथ पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
 
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चिड़ावा स्थित पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर भी कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
 
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
 
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit