फोटो : फाइल फोटो
जयपुर, 24 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
पंचायत चुनाव के पहले चरण की जयपुर में वोटिंग शनिवार को पूरी हो गई। जिले की 8 पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में वोटिंग हुई। अब मतगणना जारी है।
इस दौरान चौमूं क्षेत्र की मोरीजा ग्राम पंचायत में शनिवार को शांतिपूर्ण मतदान के बाद मतपेटियां सील करने के दौरान हंगामा हो गया। एजेंट को बाहर निकालकर मतपेटी सील करने के आरोप लगाते हुए ग्रामीण भड़क उठे और पुलिस पर पथराव कर दिया।
हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। कुछ देर तक मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल रहा। बाद में अधिकारियों की समझाइश से मामला शांत हुआ और रात 9 बजे के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू की गई।
पुलिस पर पथराव :-
हंगामा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ पर हुआ। ग्रामीणों का आरोप था कि एजेंट को बाहर निकालकर मतपेटी सील कर दी गई और सील होने के बाद एजेंट के हस्ताक्षर भी नहीं करवाए गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद सामोद पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस पर पथराव किया गया।
पुलिस ने पहले काफी देर तक बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन मामला और भड़क गया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। मौके से करीब 12 से अधिक लोगों को डिटेन किया गया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment