झुंझुनूं में निकाली राष्ट्रीय एकता दौड़ : कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प

 फोटो : फाइल फोटो 

झुंझुनूं , 31 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर 
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को झुंझुनूं में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ में युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय जेपी जानू उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से हुई। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को रवाना किया। हाथों में तिरंगा और देश की एकता का संकल्प लेकर दौड़ में शामिल प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होते हुए शहीद स्मारक पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना की शपथ भी दिलाई :-
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना की शपथ भी दिलाई गई। जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी थी। उनका जीवन और कार्य देश की अखंडता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। प्रत्येक नागरिक को उनके आदर्शों को अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

रन फॉर यूनिटी से युवाओं को किया जागरूक :-
माय भारत की अधिकारी मधु यादव ने कहा कि रन फॉर यूनिटी जैसे आयोजन युवाओं को राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक करते हैं। इससे युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास चौधरी, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्र कुमार, जिला खेल अधिकारी राजेश ओला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit