वीडियो न्यूज : उदयपुरवाटी के छापोली में दर्दनाक हादसा : सड़क बनाते समय मशीन हाईटेंशन लाइन के चपेट में आई, 8 मजदूरों की मौत, 5 घायल, गुस्साए ग्रामीण बैठे धरने पर

 फोटो : फाइल फोटो 

उदयपुरवाटी, 02 नवंबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर 

उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कदम कुंड मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में जुटी रोड़ी मिलाने वाली मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं । घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। एक साथ आठ मजदूरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। 

उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया कि बजरी मिलाने के काम में लगी एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई थी। इससे मशीन में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।

इनकी मौत :-
हादसे में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23), छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही है। पोल और बिजली लाइन पेड़ के टच हो रहे हैं। लाइन काटने के लिए फोन किया तो ग्रिड सबस्टेशन (जीएसएस) पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

सरकारी नौकरी की मांग :-
सूचना पर पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी मौके पर पहुंचे । गुढ़ा ने कहा कि  हर मृतक के परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। ये कोई राजनीति करने का मुद्दा नहीं है। ये वक्त पीड़ित लोगों के साथ खड़े होने का है। उनका पुनर्वास कैसे हो, ये देखना चाहिए। कलेक्टर को यहां आकर परिवारों को आश्वासन देना चाहिए। विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी मौके पर पहुंचे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit