फोटो : फाइल फोटो
पंचायत चुनाव के तीसरे चरने के तहत मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज से 460 मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। तीसरे चरण में मंगलवार को जिले की नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा।
चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद के 13 वार्ड और पंचायत समिति सदस्य के 74 पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 44 हजार 465 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए 125 मतदान केंद्रों पर 460 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने मतदान दलों को रवाना करने के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने को कहा। उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए उनको घर से लाने ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था के साथ मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
5 को पंच एवं सरपंच के होंगे चुनाव:-
जिला कलेक्टर ने बताया कि 3 नवंबर को 4 पंचायत समितियां के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव होंगे। चुनाव के बाद ईवीएम संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर तथा उसके बाद जिला मुख्यालय के संग्रहण केंद्र में जमा होगी। 4 नवंबर को सरपंच एवं पंच पदों के लिए नामांकन होगा तथा 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम को 6 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत स्तर पर मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की जाएगी।वही 6 नवंबर को उप सरपंच पद का चुनाव होगा।
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पुलिस अधिकारी, आरएसी, होमगार्ड और अन्य जिलों से बुलाया गया पुलिस जाप्ता शामिल है। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment