फोटो : फाइल फोटो
दीपावली से पहले एसीबी की टीम ने बुधवार को जयपुर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन अधिकारी (EO) सोनू मौर्य को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
आरोपी एक फर्म के खिलाफ पीएफ जमा नहीं कराने के मामले में FIR दर्ज नहीं करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं कराने की एवज में दो लाख रुपए मांग रहा था। एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी के एएसपी मनोज गुप्ता ने बताया कि एसीबी को आईटी कंपनी के मालिक ने सूचना दी थी कि कर्मचारियों का पीएफ काटने के एवज में EO सोनू मौर्य ने रिश्वत की डिमांड की है। एसीबी की ओर से शिकायत का सत्यापन करवाने पर आरोपी के एक लाख रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सत्यापन में सामने आया कि आरोपी अधिकारी एक लाख रुपए लेने पर सहमत हो गया था। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
सीए की मौजूदगी में ली रिश्वत :-
बुधवार को परिवादी की फर्म के सीए की मौजूदगी में सह-परिवादी ने आरोपी अधिकारी को एक लाख रुपए दिए। जैसे ही सोनू मौर्य ने रिश्वत की रकम प्राप्त की, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।
यह कार्रवाई एसीबी उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में जयपुर नगर चतुर्थ चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने की।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। ब्यूरो अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि रिश्वत मांगने और लेने के इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू करने की बात कही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment