फोटो : फाइल फोटो
एसीबी ने झालावाड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारी समितियों के निरीक्षक और झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर दवा सप्लाई के बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
15.32 लाख रुपए का भुगतान था बकाया:-
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी झालावाड़ में 12 नवंबर 2026 को परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी फर्म गुरुकृपा मेडिकोज, झालरापाटन की ओर से झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता भंडार में दवाइयों की सप्लाई की गई थी। इसके करीब 15.32 लाख रुपए का भुगतान बकाया था। परिवादी के अनुसार, बकाया भुगतान में से 9.19 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मस्तराम मीणा रिश्वत की मांग कर रहे थे।
15 हजार रुपए लेते ही ACB ने दबोचा:-
शिकायत के आधार पर एसीबी ने 12 नवंबर को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी की ओर से बकाया भुगतान की राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगने की पुष्टि हुई।
आज एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने आरोपी मस्तराम मीणा को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment