फोटो : फाइल फोटो
काजीरंगा, 13 नवंबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
असम के काजीरंगा में शुक्रवार को तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम ने बस को काटकर शवों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर घायलों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गोलाघाट के SSP के मुताबिक, बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
12 चालान कट चुके:-
हैरानी की बात यह है कि हादसे का शिकार मिनी बस के पहले भी 12 चालान कट चुके थे। इनमें 38,500 रुपए का जुर्माना भरा गया था, जबकि 4,000 रुपए का एक चालान बकाया था।
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि आज काजीरंगा में हुए दुखद हादसे से मुझे गहरा आघात लगा है... दुख की इस घड़ी में पूरा असम पीड़ितों के साथ खड़ा है। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन इलाज मिल सके। राज्य मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और खुद राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment