फोटो : फाइल फोटो
खेतड़ी के विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान हुई झड़प में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को हजारों की संख्या में ग्रामीण खेतड़ी-जयपुर सड़क मार्ग पर उतर आए और करमाड़ी के पास सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने घटना में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
विधायक धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि सभ्य समाज मे अमानवीय घटना से मन व्यथित है । अधिकारियों से पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के लिए मांग की है । उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान के दौरान मतदान केंद्र के बाहर पर्ची बनाने के लिए बनाए गए बूथ पर मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को नीमकाथाना की मोर्चरी में रखवाया गया।
आरोपियों के गिरफ़्तारी की मांग :-
मृतक पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की पुत्रवधू सरपंच पद की प्रत्याशी थी, जो चुनाव में विजयी रही। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं।
वहीं, विजयनगर में स्थिति को देखते हुए पुलिस का भारी जाप्ता तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सड़क जाम के चलते खेतड़ी-जयपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment