फोटो : फाइल फोटो
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है । करीब 6 साल बाद बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) का फिर से गठबंधन हुआ है ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वहां जो AAP पार्टी की सरकार चल रही है, वो एक तरह से वादा खिलाफी वाली सरकार है। इन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है और पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, वो सरकार और वो व्यक्ति, दोनों को हम सहन नहीं करेंगे। आज जब भाजपा और अकाली दल साथ में आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का यह फैसला और मजबूत होगा और परिवर्तन होगा।
शाह ने कहा कि मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता, मोदी जी के नेतृत्व में NDA को भारी बहुमत देगी, पंजाब को नशा मुक्त बनाने का जो दोनों पार्टियों का फैसला है, उसको आशीर्वाद देगी। पंजाब के किसानों की समस्या को समाप्त करने का हमारा जो संकल्प है, उसे पंजाब की जनता का साथ मिलेगा और हिंदू-सिख भाईचारे को भी पंजाब की जनता का आशीर्वाद मिलेगा।
अकाली का मुख्यमंत्री :-
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। सीट शेयरिंग पर फैसला अभी नहीं हुआ है।
भावनात्मक जुड़ाव :-
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। जैसा कि मेरे स्वर्गीय पिता कहा करते थे, अकाली दल और BJP का रिश्ता अटूट है, जो बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है। यह गठबंधन पंजाब के हित में, देश के हित में और सिख समुदाय के हित में है।
बादल ने आगे कहा कि आपने देखा ही होगा कि यह गठबंधन कितने लंबे समय तक चला और इसके दौरान कितनी सरकारें बनीं; पंजाब तरक्की कर रहा है। पंजाब में शांति रही है और भाईचारा कायम रहा है। शिरोमणि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है, यह भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आज़ादी में शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आज़ादी के बाद भी चाहे गरीबों का मुद्दा हो, पंजाब का मुद्दा हो, मज़दूरों का मुद्दा हो या फिर देश का मुद-शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा संघर्ष किया है।
प्रधानमंत्री ने गठबंधन का स्वागत किया :-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि पंजाब और पंजाब के लोगों के कल्याण को सबसे ऊपर रखते हुए, मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हुई है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर। हमारा यह गठबंधन स्वाभाविक है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को एक ऐसी जन-हितैषी सरकार मिले, जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-भाजपा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।
Leave a Comment