फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 06 अगस्त 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड संघचालक गजानंद एवं प्रांत व्यवस्था प्रमुख कैलाश गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
युवा संसद में कुल 35 प्रतिभागियों ने सत्ता पक्ष, विपक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष सहित विभिन्न संसदीय भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन किया। अविनाश ने प्रधानमंत्री, पूरण ने लोकसभा अध्यक्ष तथा चंदन प्रकाश ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सारिका यादव ने किया।
प्रश्नकाल के दौरान प्रतिभागियों ने पेपर लीक, बेरोजगारी, सड़क दुर्घटनाएं, वायु प्रदूषण, अग्निवीर योजना, महंगी होती शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सत्ता पक्ष की ओर से प्रधानमंत्री एवं विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों की भूमिका निभा रहे प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ विपक्ष के प्रश्नों के उत्तर प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में नीमकाथाना नगर के लगभग 200 प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवा संसद को लेकर वीरांगना कविता सामोता ने स्टूडेंट्स द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की । उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में चरित्र निर्माण , अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत होती है ।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं एवं प्रबुद्ध जनों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment