सीकर में नए UIDAI आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ : फॉरेन इमिग्रेशन पोर्टल से जुड़ा सिस्टम, अब विदेशियों का नहीं बन पाएगा आधार कार्ड

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर, 08 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ओर से शनिवार को सीकर में नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरभ विजय, आईएएस ने रिबन काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूआईडीएआई (UIDAI) के राजस्थान हेड आशुतोष कुमार ने की। इस दौरान दिल्ली रीजन के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (ITS) अविनाश अग्रवाल और डायरेक्टर कुमार उज्ज्वल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

नए आधार सेवा केंद्र में आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, विवरण में त्रुटि सुधार तथा शिकायत निवारण सहित विभिन्न आधार सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। केंद्र को सुचारू संचालन के लिए 8 परिचालित किट्स से सुसज्जित किया गया है। यह केंद्र सार्वजनिक अवकाशों को छोड़कर सभी दिनों में संचालित रहेगा।

केंद्र में व्हीलचेयर सुगम्यता, सुगम्य शौचालय तथा समर्पित शिकायत निवारण तंत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। निवासी आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं।

विदेशी नागरिकों का नहीं बनेगा आधार :-
UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरभ विजय ने बताया कि आधार सेवाओं को अब फॉरेन इमीग्रेशन पोर्टल से जोड़ा गया है। इससे पासपोर्ट, वीजा वैधता सहित अन्य आवश्यक सूचनाओं का उपयोग कर आधार में डुप्लीकेशन की संभावना को रोका जा सकेगा। साथ ही, अपात्र विदेशी नागरिकों का आधार नामांकन नहीं होने तथा किसी भी अवैध नागरिक का आधार नहीं बनने की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

सीकर के लोगों को होगा फायदा :-
उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में राजस्थान के विभिन्न जिलों के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दिल्ली स्थित कार्यालय जाना पड़ता था। सीकर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से सीकर सहित आसपास के जिलों के नागरिकों को आधार नामांकन, अपडेट एवं अन्य सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही सुविधाजनक एवं सुगम सेवाएं मिल सकेंगी।

बाल आधार पर जोर :-
5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। राजस्थान में यह सुविधा आधार सेवा केंद्रों के साथ-साथ स्कूल शिविरों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि बाल आधार को विशेष रूप से प्रमोट किया जाएगा। अब बच्चे के जन्म के साथ ही माता-पिता में से किसी एक के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए बच्चे का आधार कार्ड जारी किया जा सकेगा। इसे बाद में बच्चे की उम्र 5 साल और फिर 15 साल होने पर अनिवार्य रूप से अपडेट कराना होगा। आज के समय में आधार की अनिवार्यता को देखते हुए हर व्यक्ति का इससे जुड़ना बेहद जरूरी है।

उद्घाटन के बाद सौरभ विजय ने आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र पर आने वाले निवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit