सरकारी जनाना अस्पताल में प्रसूता की मौत : परिजनों का इलाज में लापरवाही का आरोप, नाराज परिजनों का अस्पताल में हंगामा

फोटो  : फाइल फोटो 

बूंदी , 09 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

बूंदी के सरकारी जनाना अस्पताल में रविवार को प्रसव के बाद प्रसूता की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा कर दिया। परिजनों ने चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शव को मॉर्च्युरी ले जाने के प्रयास के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

जानकारी अनुसार धनातरी निवासी निशा (26 वर्ष) पत्नी जगदीश निवासी धनातरी को प्रसव के लिए शुक्रवार को स्त्री रोग विशेषज्ञ चन्द्रेश मीना को घर पर दिखाया था। चिकित्सक के कहने पर निशा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

परिजनों के अनुसार दूसरे दिन शनिवार को चिकित्सक चन्द्रेश मीना ने वार्ड में राउंड के दौरान निशा को देखा था और सामान्य प्रसव से बच्चा होने की बात कही थी।

रविवार को सुबह 11 बजे प्रसव के दौरान लड़का होने के थोड़ी देर बाद निशा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। करीब पौने बारह बजे निशा की मौत हो गई। अचानक निशा की मौत होने से परिजन सकते में आ गए। नाराज और दुखी परिजनों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि यह क्या हुआ? उन्होंने अस्पताल में हंगामा कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस जाप्ता तैनात रहा। इस दौरान आईसीयू में भर्ती नवजात को कोटा रेफर कर दिया गया।

मामले पर अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया इलाज में लापरवाही जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, लेकिन निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

लापरवाही से इनकार:-

जिला अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ एवं जनाना अस्पताल के सह प्रभारी डॉ. गोविंद गुप्ता ने इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया। उन्होंने बताया कि निशा को 7 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय बच्चेदानी का मुंह पूरी तरह नहीं खुला था। विशेषज्ञ टीम ने परिजनों को स्थिति समझाते हुए सीजेरियन डिलीवरी की सलाह दी थी।

डॉ. गुप्ता के अनुसार, जिस डॉक्टर पर परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, उनकी रविवार को ड्यूटी ही नहीं थी। उनकी जगह दो अन्य डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद थे। अस्पताल प्रशासन की ओर से तीन डॉक्टरों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कराई गई है। रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम लक्ष्मीकांत मीना जांच कमेटी गठित कर पूरे मामले की जांच मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों से करवाएंगे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit