राजस्थान के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट : तीन दिन तक प्रदेश मे मानसून रहेगा मेहरबान, 14 अगस्त से कमी आने की संभावना

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 10 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 7 जिलों में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 30 जिलों में कहीं हल्की और कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहेगी। इसके बाद 14 अगस्त से कमी आने की संभावना है।

इससे पहले रविवार को जयपुर, सीकर, श्रीगंगानगर और कोटपूतली-बहरोड़ सहित कई जिलों में बरसात हुई। जयपुर में करीब तीन घंटे की लगातार बारिश से शहर के हालात बिगड़ गए।

किशनगढ़ बास में 74 मिमी और कोटकासिम में 66 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा अलवर, भीलवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, सवाई माधोपुर और सीकर में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जयपुर में सुबह करीब दो घंटे तक रुक-रुक अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक बारिश खैरथल-तिजारा के किशनगढ़ बास में दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक लो-प्रेशर सिस्टम उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगते छत्तीसगढ़ के एरिया पर बना हुआ है। ये सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की तरफ आगे बढ़ रहा है।

इसी तरह मानसून ट्रफ लाइन अब उत्तर से शिफ्ट होकर अपनी सामान्य स्थिति में आ गई है। जो वर्तमान में बीकानेर, ग्वालियर, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ (लो-प्रेशर सिस्टम से होकर), पुरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम अभी उत्तर-पूर्वी राजस्थान और उससे लगते एरिया पर एक्टिव है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit