वीडियो न्यूज : निजी स्कूल संचालकों का सरकार के खिलाफ मोर्चा : 21 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी, नीमकाथाना विधायक मोदी को सौंपा ज्ञापन

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 10 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना मे सोमवार को निजी स्कूल संचालकों एवं शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक सुरेश मोदी  को ज्ञापन सौंपा और निजी विद्यालयों की समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने की मांग की।

नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के करीब 189 निजी स्कूल संचालकों ने सरकार की नीतियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए समस्याओं के समाधान की मांग रखी। साथ ही 21  अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी भी दी है ।

स्कूल संचालकों की मांगों को विधायक सुरेश मोदी ने गंभीरता से सुनते हुए उचित स्तर पर उनकी समस्याओं को उठाने का आश्वासन दिया है ।

स्कूल संचालकों ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से आए दिन विभिन्न प्रकार के आदेश, निर्देश एवं जांच के नाम पर निजी विद्यालयों को परेशान किया जा रहा है। इसके साथ ही आरटीई भुगतान सहित अन्य मामलों में भी विद्यालय संचालकों को अनावश्यक दबाव एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है।

संचालकों का कहना है कि निजी विद्यालय सरकार के सहयोगी के रूप में लाखों विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन उनकी व्यावहारिक समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।

ज्ञापन में मांग की गई कि बिना आवश्यकता के बार-बार होने वाली जांच पर रोक लगाई जाए तथा भविष्य में किसी भी जांच से पूर्व संगठन को विश्वास में लेकर स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं। वहीं प्री-प्राइमरी सहित आरटीई भुगतान डीबीटी के जरिए समय पर करने तथा देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठाई गई।

हस्तक्षेप समाप्त करने की मांग :-

संचालकों ने फीस एक्ट में फीस वसूली के प्रावधान को स्पष्ट करने, टीसी जारी करने को लेकर निजी विद्यालयों पर अनावश्यक दबाव अथवा हस्तक्षेप समाप्त करने तथा बाल संरक्षण कानून के प्रावधानों के अनुसार बच्चों के साथ लैपटॉप/शिक्षण संबंधी मामलों में व्यवहारिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा गैर-सरकारी विद्यालयों के कर्मचारियों के लिए सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा एवं दुर्घटना बीमा योजना लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है, जिसमें विद्यालय संचालकों ने संस्थागत योगदान देने की बात कही है।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा परिवार के अध्यक्ष कृष्ण कुमार खटाणा, प्रभारी माडू राम सैनी, महासचिव रवि गुप्ता, कोषाध्यक्ष महावीर बृजवासी सहित बड़ी संख्या में निजी स्कूल संचालक मौजूद रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit