सीएम बोले- चार लोगों मे नंबर वन बनने की होड़ : सीएम भजनलाल शर्मा का गहलोत पर तंज, बोले - आपकी आंखें ठीक नहीं हो सकतीं, चश्मा जरूर लगा सकता हूं

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 18 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नंबर एक बनने की दौड़ अब दो नेताओं के बीच नहीं रही, बल्कि चार लोग इसमें शामिल हो गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रदेश में विकास दिखाई नहीं देने की बात कहते हैं, लेकिन उनकी दृष्टि ही ठीक नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपकी आंखें ठीक नहीं हो सकतीं। मैं आपको चश्मा जरूर लगा सकता हूं, लेकिन आपकी दृष्टि नहीं बदल सकता।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के ओटीएस ग्राउंड में स्वायत्त शासन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न शहरों को 3 हजार 466 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

71 पीएम ई-बसों का शुभारंभ :-

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 7 शहरों के लिए 71 पीएम ई-बसों का शुभारंभ भी किया। जयपुर और भीलवाड़ा की 24 ई-बसों को जयपुर से हरी झंडी दिखाई गई, जबकि अलवर, अजमेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर की 47 ई-बसों का वर्चुअल शुभारंभ किया गया।

इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार के कामकाज का हिसाब गिनाया और कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि उस समय लोगों को बिजली की समस्या का सामना करना पड़ता था। युवाओं के सामने पेपर लीक की समस्या थी। इसके मुकाबले मौजूदा सरकार किसान और युवाओं के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है और युवाओं के सपने पूरे करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

दो साल बनाम पांच साल का हिसाब:-

सीएम ने विधानसभा के पिछले सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने दो साल के कामकाज की तुलना कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल से करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विधानसभा से भाग गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति हावी रही।

उन्होंने पूर्व सीएम गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें राज्य का विकास नजर नहीं आ रहा, किसानों की स्थिति में बदलाव दिखाई नहीं दे रहा और युवाओं के सपने पूरे होते नजर नहीं आ रहे। उन्होंने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 20 लाख लखपति दीदी बनने की उपलब्धि भी उन्हें दिखाई नहीं दे रही है।

घोषणाओं को लेकर कांग्रेस पर हमला:-

भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 4,800 घोषणाओं में से केवल करीब 1,850 घोषणाएं ही पूरी कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी हर घोषणा को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवा, किसान और मजदूर सहित हर वर्ग के लिए काम कर रही है और जनता से किए गए एक-एक वादे और लोगों के सपनों को पूरा किया जाएगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit