वीडियो न्यूज : नीमकाथाना में निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : कांग्रेस जिलाध्यक्ष घसिया ने किया बोर्ड बनाने का दावा, बोले - जनता बदला लेने को तैयार बैठी

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 20 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना में निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद नारायण घसिया ने कांग्रेस का बोर्ड बनाने का दावा किया है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

घसिया ने कहा कि कांग्रेस नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में ऑब्जर्वर भेजकर सर्वे करा रही है। इस सर्वे के आधार पर जिताऊ, टिकाऊ और सक्रिय कार्यकर्ताओं को चुनाव में मौका दिया जाएगा। पार्टी का प्रयास है कि स्थानीय समस्याओं की बेहतर समझ रखने वाले प्रत्याशी को उसी वार्ड से चुनाव लड़ाया जाए, ताकि वह जनता का बेहतर प्रतिनिधित्व कर सके।

जिला - नगरपरिषद ही मुद्दा :-

घसिया ने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव में नीमकाथाना जिला एवं संभाग के मुद्दे, नगर परिषद का मुद्दा, सड़क, नाली तथा शहर से जुड़े स्थायी और स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर चुनाव न होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। समय पर चुनाव नहीं होने के कारण करोड़ों रुपए का बजट नहीं मिला, जिससे शहर का विकास नहीं हो सका।  

शाहपुरा रोड़ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भी घसिया ने भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने आश्वासन दिया था कि जहां बाइपास है, वहां शहर के अंदर तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। इसके बावजूद नीमकाथाना में अतिक्रमण के नाम पर की गई कार्रवाई निंदनीय है। पार्टी का लक्ष्य 40 में से 35 वार्डों में जीत हासिल कर नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाना है।

इस दौरान ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामकुंवर बल्ली यादव, रिंगस के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार कुमावत, शिवपाल भाटी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकेश मीणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit