फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 20 अगस्त 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिले की 14 नगरीय निकायों में कुल 5 लाख 97 हजार 601 मतदाता हैं। इनमें 3 लाख 10 हजार 345 पुरुष, 2 लाख 87 हजार 248 महिला तथा 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा बुधवार, 19 अगस्त 2026 को प्रदेश में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निकायों के आम चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे। सीकर जिले में प्रथम चरण में लक्ष्मणगढ़़, खाटूश्यामजी, दांता, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खण्डेला, रींगस, अजीतगढ़, पलसाना में निर्वाचन होंगे। वहीं दूसरे चरण में नगर परिषद सीकर, नगर परिषद फतेहपुर, रामगढ़ शेखावाटी, लोसल, धोद में नगरीय निर्वाचन होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि आयोग द्वारा आम चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार सदस्य पद के लिए 27 अगस्त, 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी व 31 अगस्त, 2026 नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि है। इसी कड़ी में 01 सितंबर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा की जाएगी व 03 सितंबर, 2026 को दोपहर 03 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। 4 सितम्बर, 2026 को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। प्रथम चरण के लिए मतदान 9 सितंबर, 2026 तथा द्वितीय चरण के लिए मतदान 11 सितंबर, 2026 को होगा। मतदान का समय प्रात: 07 बजे से सायं 06 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 14 सितंबर, 2026 को की जाएगी।
यह रहेगा कार्यक्रम :-
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए 15 सितम्बर, 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी। 16 सितम्बर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा 17 सितम्बर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 18 सितम्बर, 2026 को दोपहर 03 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी तथा इसी दिन अभ्यर्थिता वापस लेने के समय के तुरंत बाद निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। 21 सितम्बर, 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक मतदान होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए 22 सितम्बर, 2026 को निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। इस दिन प्रातः 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी, प्रातः 11 बजे तक नामांकन पत्रों का प्रस्तुतीकरण होगा व प्रातः 11:30 बजे से नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी तथा अपराह्न 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। आवश्यक होने पर अपराह्न 2:30 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि जिले की 14 नगरीय निकायों में कुल 495 वार्ड हैं। मतदान के लिए 664 पोलिंग स्टेशन निर्धारित किए गए हैं, जबकि 9 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं। इस तरह जिले में कुल 673 मतदान केंद्र होंगे।
सीकर नगर परिषद में सबसे ज्यादा मतदाता:-
मतदाताओं की संख्या के लिहाज से सीकर नगर परिषद सबसे बड़ी नगरीय निकाय है। यहां कुल 2 लाख 29 हजार 231 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,19,098 पुरुष, 1,10,128 महिला और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। सीकर नगर परिषद में 65 वार्ड हैं और 196 पोलिंग स्टेशन के साथ 3 सहायक मतदान केंद्र हैं।
इसके बाद फतेहपुर में 74,298, लक्ष्मणगढ़ में 51,004, नीमकाथाना में 46,558 और लोसल में 30,496 मतदाता दर्ज हैं। वहीं खण्डेला में 30,014, श्रीमाधोपुर में 29,384, रामगढ़ शेखावाटी में 26,135 और रीेेंगस में 20,346 मतदाता हैं।
अन्य निकायों में मतदाताओं की स्थिति:-
उन्होंने बताया कि दांता में 15,837, अजीतगढ़ में 12,640, पलसाना में 11,019, खाटूश्यामजी में 10,969 और धोद में 9,670 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
ड्राफ्ट प्रकाशन के तहत कुल 5,94,701 मतदाता दर्ज किए गए थे, जबकि अंतिम प्रकाशन में यह संख्या बढ़कर 5,97,601 हो गई है। इससे साफ है कि अंतिम मतदाता सूची में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं को शामिल किया गया है।
प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल कुमार, राजस्व अपीलीय अधिकारी राकेश गढ़वाल सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया कर्मी उपस्थित रहें।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment