झुंझुनूं में निकाय चुनाव की मतदान तारीख बदली : भादवा अमावस्या के मद्देनजर 19 निकायों के मतदान चरण मे बदलाव, आयोग ने दी स्वीकृति

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनू , 22 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

राज्य निर्वाचन आयोग ने झुंझुनूं जिले की सभी 19 शहरी निकायों में चुनाव कार्यक्रम बदल दिया है। झुंझुनूं के जिन निकायों में पहले फेज में 9 सितंबर को वो​मतदान होना था, वहां अब दूसरे फेज में 11 सितंबर को मतदान होगा । वही, जिन निकायों में दूसरे फेज में 11 सितंबर को मतदान होना था, वहां अब पहले फेज में 9 सितंबर को मतदान होगा ।

दरअसल 10 और 11 सितंबर को जिले के विभिन्न मंदिरों में भादवा अमावस्या की वार्षिक पूजा-अर्चना आयोजित होती है, जिसमें देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु झुंझुनूं आते हैं।

वार्षिक पूजा-अर्चना के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता भी नियोजित किया जाता है। वहीं, मंदिरों के आसपास स्थित भवनों में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से झुंझुनूं जिले की 19 नगरीय निकायों के मतदान चरणों में परिवर्तन का प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा गया था, जिसे आयोग ने स्वीकृत कर लिया है।

अब यह रहेगा कार्यक्रम :-
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश वर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रथम चरण में 9 सितंबर को नगर परिषद झुंझुनूं तथा नगर पालिका बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी में मतदान कराया जाएगा।

इसी प्रकार द्वितीय चरण में 11 सितंबर को नगर पालिका पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ और मलसीसर में मतदान होगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit