बाड़मेर के गांव में हुए विस्फोट से एक की मौत: हादसे में तीन घायल, घायलों को जोधपुर किया रेफर; बारूद को मूसल से कूट रहे थे

फोटो  : फाइल फोटो 

बाड़मेर , 22 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

बाड़मेर जिले के एक गांव में आज दोपहर को विस्फोटक सामग्री में हुए विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे में मानाराम जाट की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी केशी देवी, बेटी भगवती और 68 वर्षीय राजूराम कुम्हार गंभीर घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार राजूराम कुम्हार का खेत मानाराम के घर के पास स्थित है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि परिवार खेत में आने वाले सूअरों को भगाने के लिए खनन करने वाले लोगों से बारूद खरीदकर लाया था।

परिवार के लोग घर के अंदर बारूद के टुकड़े करने के लिए मूसल से कूट रहे थे। इसी दौरान बारूद फट गया। इससे मानाराम के शरीर के चीथड़े उड़ गए। उसकी आंतें भी बाहर निकल गई। वही केशीदेवी का बाएं पैर का घुटने के पास से हिस्सा फट गया। जबकि भगवती और पड़ोसी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि राजूराम किसी कार्य से वहां पहुंचे थे। इसी दौरान विस्फोटक सामग्री में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज से आसपास के क्षेत्र में भी अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना बाड़मेर जिले के नागाणा इलाके के बाटाडू खींपसर गांव में दोपहर 2 बजे की है।

जोधपुर रेफर :-
घटना के बाद घायलों को तत्काल सीएचसी बाटाडू लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए घायलों को आगे के उपचार के लिए सरकारी एंबुलेंस से जोधपुर रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से आवश्यक जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit