फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 24 अगस्त 2026
रिपोर्ट : एडिटर
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने सोमवार सुबह रींगस उपखंड क्षेत्र के 10 सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 69 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
निरीक्षण दल ने उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, नगरपालिका, जलदाय विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, यातायात विभाग, आयुर्वेदिक औषधालय सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को जांचा गया।
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के निर्देशानुसार रींगस उपखंड क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 6 राजपत्रित तथा 63 अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यालयों में समय पर उपस्थित रहने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग मे सर्वाधिक अनुपस्थित :-
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के कार्यालय में सबसे अधिक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसको लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक सुधार करने तथा कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
नाराजगी जताई:-
निरीक्षण के दौरान आयुर्वेदिक औषधालय की स्थिति सबसे खराब पाई गई। अस्पताल परिसर में गंदी बेडशीट, जगह-जगह कचरा और सफाई व्यवस्था में कमी मिलने पर सुनील कुमार शर्मा ने नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment