टांके मे डूबने से अग्निवीर की हुई मौत : कल सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार, अरुणाचल प्रदेश में थी पोस्टिंग

फोटो  : फाइल फोटो 

बालोतरा , 28 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

बलोतरा जिले में रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर घर आए अग्निवीर की टांके में डूबने से मौत हो गई। सुबह नहाने के लिए टांके से पानी खींच रहे थे, इसी दौरान पैर फिसलने से टांके में गिर गए। अग्निवीर जोगाराम (25) पुत्र खेताराम की परेऊ गांव के रहने वाले थे।

जोगाराम अरुणाचल प्रदेश क्षेत्र में 1821 मीडियम रेजीमेंट में अग्निवीर के पद पर तैनात था और 21 अगस्त को छुट्टी लेकर घर आया था। हादसे के बाद परिवार में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं।

पिता को जोधपुर ले जाने वाले थे :-

परिजनों के अनुसार जोगाराम के पिता खेताराम की तबीयत खराब थी। शुक्रवार को उन्हें उपचार के लिए जोधपुर ले जाना था। इसी तैयारी के बीच जोगाराम अलसुबह स्नान करने बाथरूम गया। वहां पानी नहीं होने पर वह बाल्टी लेकर घर के टांके से पानी भरने पहुंचा।

इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह टांके में गिर गया और पानी में डूब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जोगाराम को टांके से बाहर निकाला। उसे तत्काल गिड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

गिड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और सेना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर बाड़मेर से सेना की टीम गिड़ा थाने पहुंची। सैन्य अधिकारियों ने पुलिस से घटना की जानकारी ली और बाद में मृतक के घर पहुंचकर भी परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

बड़े भाई के आने का इंतजार:-

जोगाराम का बड़ा भाई भी सेना में तैनात है और महाराष्ट्र में पोस्टेड है। उसके घर पहुंचने का परिजन इंतजार कर रहे हैं। शनिवार सुबह बड़े भाई के पहुंचने के बाद जोगाराम का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit