फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 31 अगस्त 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना नगरपालिका चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। अंतिम दिन उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।
नामांकन के अंतिम दिन कुल 118 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक कुल 182 लोगों ने 183 नामांकन पत्र जमा किए हैं। इनमें से 6 वार्डों में प्रत्याशियों ने दो-दो नामांकन फॉर्म दाखिल किए हैं।
जुलूस और ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे प्रत्याशी:-
प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
हॉट सीट बनी वार्ड तीन :-
वार्ड नंबर 3 में कांग्रेस से पूर्व पालिका अध्यक्ष त्रिलोक चंद दीवान और भाजपा से प्रमोद बाजोर आमने-सामने हैं। दोनों प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किए। इस वार्ड को प्रमुख मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।
वार्ड 17 और 37 में भी कांटे की टक्कर:-
इसी तरह, वार्ड नंबर 17 में कांग्रेस के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष महेश मेगोतिया का मुकाबला भाजपा के पूर्व प्रतिपक्ष नेता महेंद्र गोयल से होगा। वहीं, वार्ड नंबर 37 में कांग्रेस से अजय मोदी और भाजपा से रेखा गोयल चुनावी मैदान में हैं। इन दोनों वार्डों में भी कांटे की टक्कर होने के आसार हैं।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment