फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 02 सितंबर 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका मंगलवार रात को अचानक नीमकाथाना के जोडली गांव पहुंचे। जोडली में ग्रामीणों ने रांका का जोरदार सम्मान किया।
रांका ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार चाहती है कि सीजेपी राजस्थान के स्कूलों का निरीक्षण नहीं करे तो वह यह बताए कि जर्जर स्कूलों को कितने दिन में और कब तक ठीक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में पार्टी निरीक्षण के लिए जा रही है, वहां बाद में प्रशासन की ओर से सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन को निरीक्षण का इंतजार किए बिना पहले ही स्कूलों की स्थिति सुधारनी चाहिए।
रांका ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाई थीं और प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं पर मुकदमे भी दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोनों प्रमुख मांगों को पूरा करवाने के लिए आगामी तीन महीनों तक हरसंभव प्रयास जारी रखेगी।
रांका ने दिल्ली में 5 सितंबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कहा कि 25 जुलाई को सरकार के साथ हुई वार्ता में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने और नीट पेपर मामले में प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग रखी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि करीब एक महीने से सरकार इन मुद्दों पर टालमटोल कर रही थी। उन्होंने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट में उनकी दोनों प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 20 से 25 जुलाई के बीच हुए प्रदर्शनों को लेकर छात्रों के खिलाफ न एफआईआर दर्ज की गई है और न ही की जाएगी। साथ ही नीट पेपर प्रकरण में जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें आगामी तीन महीने में सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदीप के परिवार से मिले रांका:-
रांका ने सीकर जिले में प्रदीप के गांव जाकर उसके परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि प्रदीप ने नीट का पहला पेपर दिया था, जो उसका अच्छा गया था। पेपर लीक होने की जानकारी मिलने के बाद प्रदीप ने आत्महत्या कर ली। रांका ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment