फोटो : फाइल फोटो
भरतपुर , 04 सितंबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
भरतपुर में शुक्रवार दोपहर को आकाशीय बिजली गिरने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे में उसका बड़ा भाई और 80 वर्षीय महिला भी गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना जिले की रूपवास तहसील के रुदावल थाना क्षेत्र के गांव डुमरिया की है । घटना में एक युवक और महिला भी झुलस गए । दोनों घायलों को परिजन बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया।
रुदावल थाने के एएसआई भरतलाल ने बताया कि गांव डुमरिया निवासी नितेश गुर्जर (17 वर्ष) अपने बड़े भाई सुनील गुर्जर (22 वर्ष) पुत्र वीर सिंह और केशरदेवी (80 वर्ष) पत्नी सोहनलाल गुर्जर के साथ खेतों में पशुओं को चराने गए थे। इसी दौरान दोपहर में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए तीनों पास ही एक बरगद के पेड़ के नीचे बैठ गए। कुछ देर बाद अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली बरगद के पेड़ पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से नितेश की मौके पर ही मौत हो गई। उसका बड़ा भाई सुनील और केशरदेवी भी झुलस गए।
घटना की सूचना मिलने पर रुदावल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर सीएचसी रुदावल मोर्चरी में रखवा दिया है। कुछ देर बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment