सिंघाना ईओ की कार्यशैली पर गंभीर आरोप : पालिकाध्यक्ष और पार्षदों ने कलेक्टर सौंपा ज्ञापन, मनमाने टेंडर और सफाई में लापरवाही सहित कई आरोप

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनूं, 09 सितंबर 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

झुंझुनूं जिले की सिंघाना नगर पालिका में नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष और पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी यानी ईओ की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

मनमाने टेंडर, रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने और शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही जैसे आरोप लगाते हुए अध्यक्ष और पार्षदों ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ये है मामला :-
ज्ञापन के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष पिंकी डीपी सैनी ने 30 सितंबर को पत्र लिखकर विकास कार्यों, टेंडर, मशीनरी, कैश बुक, स्टोर रजिस्टर और आय-व्यय से संबंधित रिकॉर्ड मांगा था।

आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं, पार्षदों का कहना है कि नगर पालिका के पिछले छह महीने के बैंक स्टेटमेंट की जानकारी मांगने पर 8 अक्टूबर को अध्यक्ष के पत्राचार को नियम विरुद्ध बताने वाला पत्र जारी किया गया।

पार्षदों ने इस पूरे मामले में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई है। वहीं, शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की है। उनका आरोप है कि नियमित कचरा संग्रहण के लिए जरूरी मशीनरी और संसाधनों की कमी के चलते जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।

इसके अलावा, टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने और पसंदीदा ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पार्षदों ने नगर पालिका कार्यालय में लेखाकार, वरिष्ठ प्रारूपकार, क्लर्क और स्वास्थ्य निरीक्षक सहित कई पद लंबे समय से खाली होने का मुद्दा भी उठाया है।

इस मामले में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बुहाना एसडीएम को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही पालिकाध्यक्ष को अपने अधिकारों का प्रयोग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस दौरान पालिकाध्यक्ष पिंकी सैनी सहित धर्मपाल सैनी, नरपाल, विनोद कुमार, अमरसिंह, नौरंग डांगी, इस्लाम खां, बाबूलाल जांगिड़, जयदयाल, रचना पूनिया, देशराज, नरेश समेत कई पार्षद मौजूद रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit