फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 06 सितंबर 2026
रिपोर्ट : एडिटर
उदयपुर में आयोजित जिंक सिटी हाफ मैराथन में सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ निवासी एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय अभिषेक बगड़िया ने बाल विवाह मुक्त भारत-बाल विवाह मुक्त विश्व के संदेश के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी दौड़ को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनजागरूकता तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के संदेश को समर्पित किया।
अभिषेक बगड़िया की यह भागीदारी ऐसे समय में हुई है, जब बाल विवाह के खिलाफ भारत में संचालित अभियान को वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिल रही है। भारत सरकार द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए शुरू किए गए “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के संदेश को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने खेल के माध्यम से बाल विवाह उन्मूलन और बाल अधिकार संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायक सचिव डॉ. शालिनी गोयल ने बताया कि अभिषेक बगड़िया पिछले करीब डेढ़ वर्ष से सीकर जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बच्चों के अधिकारों के लिए कार्यरत संस्था ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस’ तथा गायत्री सेवा संस्थान के साथ मिलकर सीकर जिले को बाल विवाह एवं बाल श्रम से मुक्त करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भी बाल विवाह की रोकथाम तथा बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेल और सामाजिक जागरूकता को साथ जोड़कर युवाओं तक बाल संरक्षण का संदेश पहुंचाना एक प्रभावी पहल है। अभिषेक बगड़िया द्वारा हाफ मैराथन में बाल विवाह मुक्त भारत - बाल विवाह मुक्त विश्व का संदेश लेकर दौड़ना इसी दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।
अभिषेक बगड़िया लंबे समय से बाल विवाह एवं बाल श्रम की रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियानों, विद्यालयों एवं समुदायों के बीच संवाद तथा बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं। जिंक सिटी हाफ मैराथन में उनकी भागीदारी ने “दौड़ से बदलाव” का संदेश देते हुए बाल विवाह के खिलाफ चल रहे अभियान को खेल के मंच से भी प्रभावी आवाज दी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment