फोटो : फाइल फोटो
चूरू, 09 जुलाई 2025
रिपोर्ट : एडिटर
चूरू में भारतीय वायु सेना का जगुआर फाइटर जेट बुधवार को क्रैश हो गया है। इस हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट शहीद हो गए हैं। हादसा बुधवार को दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर हुआ। भारतीय वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की है।
चूरू एसपी जय यादव ने बताया- राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव भाणूदा में प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। मलबे के पास से बुरी तरह क्षत-विक्षत शव के टुकड़े मिले हैं। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले तकनीकी कारणों से पायलट इजेक्ट नहीं कर पाए। पिछले 5 महीनों में देश भर में तीन जगुआर क्रैश हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि विमान गिरते ही आसपास के खेतों में आग फैल गई थी, जिसे गांव वालों ने अपनी जान की परवाह किए बिना बुझाने की कोशिश की। मौके पर जेट का मलबा चारों तरफ बिखरा पड़ा है, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फाइटर जेट टावर के ऊपर से हिलता-डुलता बीड़ में जा गिरा।
2 अप्रैल 2025 को गुजरात के जामनगर में भी भारतीय वायु सेना का एक दो सीटों वाला जगुआर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वह विमान रात के समय एक मिशन पर था। टेकऑफ के तुरंत बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई थी। पायलटों ने समय रहते विमान से बाहर निकलने की कोशिश की। इसमें एक पायलट सिद्धार्थ यादव की मौत हो गई थी और दूसरा घायल हो गया था।
7 मार्च 2025 को हरियाणा के अंबाला के पास भी एक जगुआर विमान क्रैश हुआ था। उसमें पायलट सुरक्षित निकल गया था। जगुआर विमान को सेपेकैट जगुआर भी कहा जाता है। इसे पहले ब्रिटेन और फ्रांस की वायु सेनाएं इस्तेमाल करती थीं, अब भारतीय वायु सेना इसका उपयोग करती है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358147558
Leave a Comment