फोटो : फाइल फोटो
जयपुर/ नीमकाथाना, 05 फरवरी 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को प्रक्रिया के नियम 50 के अंतर्गत स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने विधानसभा क्षेत्र नीमकाथाना की एक अत्यंत गंभीर व तात्कालिक समस्या को सदन के समक्ष रखा।
विधायक मोदी ने सदन को अवगत कराया कि क्षेत्र में आमजन को पेयजल उपलब्ध करवाने हेतु विभिन्न ग्राम पंचायतों में 754 नलकूप संचालित हैं, जिन पर बिजली विभाग का 262.33 लाख रुपये का बकाया चल रहा है।
ग्राम पंचायतों की आर्थिक स्थिति कमजोर:-
विधायक ने कहा कि वर्तमान में ग्राम पंचायतों की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है और उनके पास इतनी बड़ी राशि जमा कराने के लिए कोई संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा 31 मार्च को वित्तीय वर्ष की समाप्ति के चलते बिजली विभाग वसूली को लेकर दबाव बना रहा है और नलकूपों के कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जा रही है।
भीषण पेयजल संकट उत्पन्न होगा :-
विधायक सुरेश मोदी ने चेताया कि यदि नलकूपों के कनेक्शन काटे गए तो पूरे नीमकाथाना क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो जाएगा। घरों तक पानी नहीं पहुंचेगा, पशुओं के लिए भी पीने के पानी की भारी समस्या खड़ी हो जाएगी। इससे जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और ग्रामीण जीवन पर गंभीर असर पड़ेगा। विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग पानी के लिए भटकने को मजबूर हो जाएंगे।
कांग्रेस ने राहत प्रदान की थी :-
उन्होंने सदन को अवगत कराया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई थी, तब सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ग्राम पंचायतों में लगे ट्यूबवेलों की सम्पूर्ण बकाया राशि जमा करवा कर राहत प्रदान की थी।
विधायक मोदी ने कहा कि पेयजल जीवन की मूलभूत आवश्यकता है, इसे किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जा सकता।
स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से उन्होंने सरकार से मांग की कि ग्राम पंचायतों में लगे नलकूपों के बकाया बिजली बिलों के समाधान हेतु तत्काल व्यावहारिक एवं नीतिगत निर्णय लेकर राशि सरकार द्वारा जमा करवाई जाए, तथा जब तक यह राशि जमा न हो, तब तक बिजली विभाग को निर्देशित किया जाए कि वह किसी भी नलकूप का कनेक्शन न काटे, जिससे आमजन को निर्बाध रूप से पेयजल उपलब्ध होता रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment