फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 07 फरवरी 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना क्षेत्र की डाबला पुलिस ने तीन माह पूर्व डाबला गांव में अवैध हथियार से फायर कर हत्या का प्रयास करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मोटरसाइकिल सवार आरोपी युवक को गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए थे।
डाबला थाना अधिकारी मनोज कुमार भाटीवाड ने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 को विजयदीप मीणा निवासी डाबला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट में बताया कि 23 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे विजयदीप मीणा, प्रताप मीणा, मनीष मीणा और अंकित मीणा डाबला गांव के शनि महाराज मंदिर के पास बैठे थे। तभी कुछ लड़के मोटरसाइकिलों पर आए और उन्होंने विजयदीप के भाई संदीप मीणा का नाम पूछकर दिनदहाड़े गोली मार दी।
फायरिंग की घटना में गोली संदीप मीणा के हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। गोली मारने के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गए। वही घायल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया ।
डाबला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए इनामी मुख्य आरोपी दिव्यम उर्फ छोटू पहलवान पुत्र शिवलाल यादव निवासी ढाणी पाल्यावाली तन डाबला को गिरफ्तार किया।
मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। इनामी मुख्य आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment