फोटो : फाइल फोटो
सिरोही , 07 फरवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
शहर के अनादरा चौराहा पास स्थित एक निजी स्कूल के पास बेकाबू ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर से कार में आग लग गई। ट्रेलर ने कार को टक्कर मारने के बाद विद्युत के दो पोल भी तोड़ दिए। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कार में सवार दो स्कूली स्टूडेंट्स फाटक खोलकर बाहर कूद गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कोतवाली थानाधिकारी कैलाशदान ने बताया कि चावल से भरा ट्रेलर सिरोही से अनादरा की तरफ जा रहा था, जबकि 12वीं के दो विद्यार्थी कार से स्कूल में विदाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। अनादरा चौराहे के आगे ट्रेलर ने पीछे से कार को टक्कर मार दी और उसे दूर तक घसीटता हुआ ले गया।
इसी दौरान कार में बैठे दोनों विद्यार्थी तुरंत बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलते ही कार आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने पहले कार को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़े दो बिजली के खंभों को भी तोड़ दिया। इससे 11 केवी के तार टूटकर सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग से कार जलकर राख हो गई और टक्कर से ट्रेलर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment