फोटो : फाइल फोटो
बीकानेर, 13 फरवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को बीकानेर में पंचायत विभाग के एलडीसी शुभकरण परिहार (छींपा) के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर भारी मात्रा में नकदी और संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
एसीबी टीमों ने तलाशी के दौरान घर और अन्य ठिकानों से करीब सवा किलो सोना, 2 किलो चांदी, करीब 76 लाख रुपए नकद तथा कई भूखंडों और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। चार गाड़ियां भी मिलीं, जिनमें एक स्कॉर्पियो, एक कार और दो बाइक शामिल हैं।
पांच टीमों ने दी दबिश:-
कार्रवाई एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देशन में की गई। दबिश एसीबी डीआईजी भुवन भूषण यादव के नेतृत्व में दी गई। डीआईजी यादव ने बताया कि एलडीसी के ठिकानों पर दबिश देने के लिए पांच टीमें गठित की गईं।
एडिशनल एसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में टीमों ने जयनारायण व्यास कॉलोनी, वैष्णोधाम के सामने मातेश्वरी एन्क्लेव, बागीनाड़ा छींपों का मोहल्ला गंगाशहर, आरोपी के गांव पुनरासर तथा पदस्थापन ग्राम पंचायत कानासर, पंचायत समिति बाप (फलोदी) में एक साथ दबिश दी
एएसपी आशीष कुमार, एएसपी महावीर प्रसाद शर्मा, सीआई इंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल रहे। टीमों ने आरोपी की संपत्ति का भौतिक सत्यापन शुरू किया और संदिग्ध दस्तावेज, निवेश रिकॉर्ड व जमीन-जायदाद के कागजात कब्जे में लेकर सील कर दिए।
आय से अधिक संपत्ति:-
एसीबी ने बताया कि मूलत: बीकानेर जिले के पुनरासर गांव तथा वर्तमान में गंगाशहर के बागीनाड़ा छींपों का मोहल्ला निवासी शुभकरण परिहार, मूल रूप से फलोदी जिले की पंचायत समिति बाप के कानासर गांव में पदस्थ है। वह हाल ही में उदट गांव का भी कार्यभार देख रहा है। एसीबी ने उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। जांच में उसके पास आय से 938 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की पुष्टि हुई।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935844755
Leave a Comment