वायुसेना के एयरक्राफ्ट से असम के हाईवे पर उतरे मोदी : असम में कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा - कांग्रेस सरकार के समय असम पाई-पाई के लिए तरसा जाता था

फोटो  : फाइल फोटो 

गुवाहाटी , 14 फरवरी 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज की कांग्रेस हर उस विचार, हर उस आतंकी को कंधे पर बैठाती है जो देश का बुरा सोचता है, जो लोग देश के टुकड़े-टुकड़े करने का सपना देखते हैं, जो लोग पूर्वोत्तर को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं वह कांग्रेस के लिए पूजनीय बन चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को असम दौरे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आजादी के समय मुस्लिम लीग ने देश का बंटवारा कराया, आज की कांग्रेस मुस्लिमी लीगी माओवादी कांग्रेस बनकर फिर देश बांटने में जुट गई है। यह MMC है, इसलिए आपको कांग्रेस से सावधान रहना है।

दरसल प्रधानमंत्री मोदी पीएम पहले चाबुआ एयरफील्ड पहुंचे थे। इसके बाद वे वायुसेना के C-130 एयरक्राफ्ट से डिब्रूगढ़ पहुंचे। प्लेन ने यहां मोरन बाईपास पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर लैंडिंग की। मोदी ऐसा करने वाले पहले प्रधानमंत्री बने।

कांग्रेस मतलब हजारों करोड़ घोटाला :-

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में जब भी सेना के लिए हथियार खरीदे गए तो उसका मतलब होता था हजारों करोड़ का घोटाला। आज देश अपनी सेनाओं को मजबूत कर रहा है। भारत अपनी सीमाओं पर शानदार हाईवे, शानदार टनल, ऊंचे-ऊंचे ब्रिज बना रहा है, देश की सुरक्षा बढ़ा रहा है इसलिए कांग्रेस बौखलाई हुई है।

पीएम ने सवाल करते हुए लोगों से पूछा कि क्या कभी कांग्रेस में देश हित में इतने हिम्मत के साथ फैसले करने की ताकत थी? वे ज्यादा से ज्यादा बयान दे सकते हैं, कुछ नहीं कर सकते। जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से इनकार करती है, जो सवाल करते हैं मां भारती क्या होती है? जो मां भारती के नाम तक से परहेज करते हों, जो मां भारती के प्रति जरा सा सम्मान नहीं दिखाते, वह कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती। इसलिए कांग्रेस ने कभी देश की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी।

कार्यकर्ताओं की थपथपाई पीठ :-

पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि आज भाजपा जहां पहुंची है उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को मिलता है। हमारा विश्वास संगठन में है, हम राष्ट्र जीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं और इसलिए इतनी बड़ी तादाद में जमीन की जड़ों से जुड़े कार्यकर्ताओं का दर्शन करना अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य है।

पीएम ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करता है, उसके कारण भाजपा आगे बढ़ती है। मैं गर्व से कहता हूं कि मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण बात यही है कि नरेंद्र मोदी भाजपा का कार्यकर्ता है।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला :-

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था। कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे। अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा रुपये मिल रहे हैं। अगर मैं पिछले 11 वर्षों की बात करूं तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से साढ़े 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं।

उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस असम के विकास के लिए पैसे देने से भी बचती हो, वह कांग्रेस क्या असम का विकास कर सकती है? यहां के युवाओं, किसानों, गांवों का भला कर सकती है?इस साल के बजट में पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने का प्रयास किया गया है।

भाजपा की सरकार, इसलिए विकास :-

पीएम ने कहा कि असम का इतना विकास इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां आप सभी की मेहनत से भाजपा सरकार बनी है। यहां के नागरिकों ने भाजपा पर भरोसा किया है। आपने मेरा बूथ, सबसे मजबूत की भावना से बूथ-बूथ जाकर, एक-एक परिवार, एक-एक मतदाता को मिलकर भाजपा के हर समर्थक को अपने साथ जोड़ा है। उन्हें उनके वोट की ताकत का परिचय कराया और इसी प्रयास से असम में भाजपा सरकार बनी।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935844755

Related News

Leave a Comment

Submit