सांसद लुंबाराम चौधरी की रेंज रोवर बनी आग का गोला : बीच हाइवे पर मची चीख-पुकार, नासिक-मुंबई हाईवे पर त्र्यंबकेश्वर दर्शन करने जाते समय हुआ हादसा

फोटो  : फाइल फोटो 

जालोर , 15 फरवरी 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

सिरोही-जालोर संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद लुंबाराम चौधरी की कार मुंबई-नासिक हाइवे पर हादसे का शिकार हो गई। शुक्रवार देर रात गोंडे फाटा के पास सांसद की कार अचानक 'आग का गोला' बन गई और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि समय रहते खतरे को भांप लिया गया, जिससे सांसद चौधरी समेत कार में सवार सभी सात लोग सुरक्षित बच गए।

सांसद लुंबाराम चौधरी ने बताया कि सदन की कार्यवाही पूरी होने के बाद शुक्रवार शाम वे मुंबई पहुंचे थे। एयरपोर्ट से एक मित्र के साथ नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुए।

नासिक से करीब 40 किमी पहले, गोंडे फाटा इलाके के पास रात लगभग 12 बजे गाड़ी में शॉर्ट सर्किट की वजह से जलने की गंध आने लगी। उन्होंने तुरंत ड्राइवर को बताया। थोड़ी ही देर में कार से तेज धुआं उठने लगा।

देखते ही देखते राख हो गई कार:-

जैसे ही सांसद और उनके साथी कार से नीचे उतरे, धुआं लपटों में बदल गया। कार के रुकने के चंद मिनटों के भीतर ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के पहुंचने तक कार पूरी तरह जलकर लोहे का ढांचा मात्र रह गई थी।

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit