फोटो : फाइल फोटो
डीडवाना-कुचामन , 17 फरवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले के कुचामन शहर में भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को मिली धमकी के बाद आज शहर का बाजार बंद रहा। सुबह से एक भी दुकान नहीं खुली। विजय सिंह के समर्थकों ने रैली निकाली और थाने के सामने धरने पर बैठे। इसके बाद डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्टर महेंद्र सिंह खड़गावत और एसपी ऋचा तोमर को ज्ञापन सौंपा।
गैंगेस्टर रोहित गोदारा व वीरेन्द्र चारण के नाम पर उसके गुर्गे राहुल फतेहपुरा की ओर से दो दिन पहले भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को ओडियो मैसेज भेजकर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इससे मंगलवार को कुचामन शहरवासियों में गुस्से का उबाल नजर आया।
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष रहे सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पत्नी शीला शेखावत भी धरने प्रदर्शन में शामिल हुई। धरने को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि केन्द्र और राजस्थान में भाजपा की सरकार होने के बावजूद प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट है। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले अपराधी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। केन्द्र सरकार चाहे तो इन अपराधियों का प्रदेश में एनकाउंटर करा सकती है, लेकिन इच्छा शक्ति कमजोर है।
उन्होंने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जब यूपी में मुख्यमंत्री योगी बदमाशों का एनकाउंटर करवा सकते हैं तो राजस्थान की सरकार को क्या सांप सूंघ गया। वोट के समय तो घर-घर भीख मांगते हैं। बदमाश बेकसूरों की हत्या कर रहे हैं उस पर कोई ध्यान नहीं देता।
जिस दिन मन में आए न उस दिन एक बार चेतावनी दे के जगह बता देना, टाइम बता देना- बेटा, जी जान लगा दूंगी, लेकिन तुम्हें जाने नहीं दूंगी। क्षत्राणी का खून मेरे अंदर है। तुम जैसे लोगों से मुझे डरने की जरूरत नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि कुचामन सिटी की सौहार्दपूर्ण शहर के रूप पहचान थी। पिछले डेढ़ वर्ष से रंगदारी और धमकियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे व्यापार, शिक्षा और निवेश पर प्रतिकूल असर पड़ा है। यदि राजनेता तक सुरक्षित नहीं है तो आमजन की सुरक्षा का कैसे अनुमान लगाया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने गैंगस्टर राज के खिलाफ कार्रवाई करने तथा धमकी देने वाले बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग की।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment