फोटो : फाइल फोटो
जयपुर , 18 फरवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जयपुर के जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) कॉलेज को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हडकंप मच गया है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्र और स्टाफ को कैंपस से बाहर निकाला है।
धमकी की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई । सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बम निरोधक दस्ता सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंच पूरे कैंपस में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
ई-मेल में कॉलेज में आरडीएक्स बम लगाए जाने और तय समय पर विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। एहतियात के तौर पर कॉलेज को पूरी तरह खाली कराकर हर बिल्डिंग और संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कैंपस में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर जांच जारी है। साथ ही धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment